रायपुर। नगर निगम अब अवैध निर्माण और नियम उल्लंघन के मामलों में सख्त नजर आ रहा है। आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम की टीमों ने शनिवार को जोन 6 और जोन 8 में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक तरफ 1500 वर्गफीट भूखंड में गैर आवासीय क्षेत्र में बनी अवैध बिल्डिंग को तोड़ा गया, वहीं दूसरी तरफ संतोषी नगर में 4 अवैध दुकानों को गिराया गया।
जोन 8 के शहीद भगत सिंह वार्ड में आशा देवी पंचारिया द्वारा गैर आवासीय क्षेत्र में नियमों के खिलाफ लगभग 1500 वर्गफीट में निर्माण कराया गया था। निगम की नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ढहा दिया और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया। साथ ही, संपत्ति विरूपण पर 10 हजार रुपये और सड़क बाधा पर 4 हजार रुपये का ई-जुर्माना भी वसूला गया। इसी तरह जोन 6 में संतोषी नगर लक्ष्मीनगर वीआईपी चौक के पास योगेश वर्मा द्वारा बिना अनुमति चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। नोटिस देने के बावजूद निर्माण जारी रखने पर निगम की टीम ने सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और उप अभियंता सागर ठाकुर की निगरानी में चारों दुकानों को तोड़ दिया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में बिना अनुमति हो रहे निर्माणों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयुक्त विश्वदीप ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमति जरूर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।



