रायगढ़ में राम नारायण साहू और लक्ष्मी पटेल ने शेयर मार्केट व अन्य स्कीमों में दोगुना लाभ का लालच देकर एक महिला और उसके परिवार से 1.44 करोड़ रुपये की ठगी की। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट और अन्य निवेश स्कीमों में दोगुना लाभ का लालच देकर एक महिला और उसके परिवार से करीब 1.44 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी राम नारायण साहू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी मुलाकात 15 साल पहले सरायपाली, महासमुंद निवासी लक्ष्मी पटेल (45) से हुई थी। 2022 में लक्ष्मी ने अपने रिश्तेदार के जीजा राम नारायण साहू को उनके घर लाकर मिलवाया। राम नारायण ने दावा किया कि वह 2017-18 से शेयर मार्केट में काम कर रहा है और निवेश पर दोगुना लाभ दिला सकता है। लक्ष्मी ने भी दावा किया कि वह शेयर मार्केट में सक्रिय है। विश्वास जीतने के लिए राम नारायण ने पीड़िता के शुरुआती 6 लाख रुपये के निवेश पर 21 महीनों में 10 लाख रुपये लौटाए।



