महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम सिवनी कला में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जा को रोकने स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा अब चोरी हो गई है। जिससे सिवनी कला के ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। ग्रामीणों ने कोमाखान पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस और राजस्व के अधिकारी से की है। शिकायत के बाद पुलिस और राजस्व अधिकारी मौके पर पहुँचे और मौका मुआयना कर ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बहरहाल पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। बता दें कि, कोमाखान थाना क्षेत्र की इस सरकारी जमीन पर क्षेत्र के ही एक व्यक्ति द्वारा कब्जा किये जाने का प्रयास किया जा रहा था। इस जमीन पर कब्जा किये जाने की शिकायत ग्रामीणों ने कई बार की, लेकिन कोई कार्रवाई ना होने पर ग्रामीणों ने विधि-विधान से उक्त जमीन पर खुले आसमान के नीचे भगवान हनुमान जी की प्रतीमा स्थापित किया था। लेकिन अज्ञात लोगों ने भगवान की प्रतीमा को भी नही बक्शा और चोरी कर उठा ले गये। अब ग्रामीणों की मांग है कि, मामले में उक्त चोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये।



