जिले में जुआरियों के खिलाफ चल रही पुलिसिया कार्रवाई के बीच एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या पुलिस की नजर केवल छोटे जुआरियों तक ही सीमित है? वहीं, सोनबरसा जंगल और ग्राम खैरताल जैसे इलाकों में चल रहे बड़े जुआ फड़ पर कार्रवाई न होना कई संदेहों को जन्म दे रहा है। सूत्रों की मानें तो, सोनबरसा जंगल और ग्राम खैरताल में प्रतिदिन लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है। जिसमें बड़े रसूखदार लोग शामिल हैं। बावन पत्ती जैसे बड़े खेलों में खुलेआम पैसों का दांव चलता है। मगर इन पर पुलिस की कोई ठोस कार्रवाई अब तक सामने नहीं आई है। वहीं, खाना पूर्ति के नाम पर छोटे-मोटे जुआरियों को पकड़कर कार्रवाई की जा रही है। 17 जुलाई को समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने ग्राम खोखली-सेमरिया के मध्य रोड किनारे मैदान में जुआ खेलते हुए सात आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। जिनके पास से 4600 रुपये कैश, 52 पत्ती ताश शामिल है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।



