Home छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर में धर्मांतरण का मामला: बजरंग दल ने रात में दी...

राजधानी रायपुर में धर्मांतरण का मामला: बजरंग दल ने रात में दी दबिश, 5 लोग हिरासत में

38
0

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देर रात एक मकान पर दबिश देकर कथित तौर पर धर्मांतरण गतिविधि में शामिल लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के मुर्राभट्टी इलाके में बीती रात धर्मांतरण का मामला सामने आया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने देर रात एक मकान पर दबिश देकर कथित तौर पर धर्मांतरण गतिविधि में शामिल लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना भुनेश्वर यादव नामक व्यक्ति के घर की बताई जा रही है, जहां प्रार्थना सभा के जरिए लगभग 70 लोगों का धर्मांतरण कराने का आरोप बजरंग दल ने लगाया है। मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि घर में गुपचुप तरीके से धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं, जिसकी सूचना उन्हें मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने विरोध दर्ज कराया और पुलिस को बुलाया।

गुढ़ियारी थाना प्रभारी भेखलाल चंद्राकर ने बताया कि रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि मुर्राभट्टी इलाके में एक घर में हंगामा हो रहा है। धर्मांतरण को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। मौके पर पहुंचकर 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस मामले की सावधानीपूर्वक जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धर्मांतरण के आरोप कितने सही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, धार्मिक संगठनों की नजर इस मामले पर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here