हिमाचल में लैंडस्लाइड से रायपुर के युवक की मौत: दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने गया था, 3 दिन बाद मिली लाश
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं को जन्म दिया है। इन हादसों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी 37 वर्षीय पोषण आडिल भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, पोषण आडिल उरकुरा रायपुर के रहने वाले थे और अपने पांच दोस्तों—शिव, धनेश्वर, संजय, हरिशंकर और निखिल सिंह—के साथ हिमाचल यात्रा पर निकले थे। 31 जुलाई को यात्रा शुरू हुई और 1 अगस्त को वे दिल्ली पहुंचे। वहां से किन्नौर जाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हुआ, जिसमें पोषण को 4 अगस्त का स्लॉट मिला, जबकि बाकी दोस्त 3 अगस्त को निकल गए।
पोषण तंगलींग में रुककर 5 अगस्त को अकेले ट्रैकिंग के लिए निकल पड़ा। शाम 7:38 बजे दोस्तों से उसकी आखिरी बार बात हुई, जब वह गणेश गुफा के पास था। उसी दिन इलाके में लैंडस्लाइड और तेज पानी के बहाव की खबर मिली। 7 अगस्त को दोस्तों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बाद में मिली एक लाश की पहचान पोषण आडिल के रूप में हुई। 8 अगस्त को पोस्टमार्टम के बाद शव को हरिद्वार भेजा गया, जहां स्वजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। पोषण पेशे से पेंटर थे और परिवार के साथ उरकुरा में रहते थे।




