मृतक का उसी फैक्ट्री में काम करने वाली महिला सोनम से अवैध संबंध था। पूछताछ में सोनम ने कबूल किया कि घटना वाले दिन उसका पति कृष्णा बंजारे उसे और रामा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे गुस्से में आकर कृष्णा ने लकड़ी के बत्ते से रामा के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा हुआ है। घटना के पीछे अवैध संबंध का विवाद सामने आया है। पुलिस ने हत्या के महज कुछ घंटों के भीतर ही एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
25 अगस्त को खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा स्थित मिलाल बाड़ा के पीछे खाली प्लाट में एक युवक का शव बोरी में बंद हालत में मिला था। मृतक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे पर कपड़ा बंधा था। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला कर हत्या की आशंका हुई।
इस तरह हुआ पर्दाफाश
पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान रामा माड़े (23 वर्ष) निवासी मलकानगिरी (ओडिशा), हाल निवासी मेटल पार्क रावाभाठा, के रूप में हुई। रामा माड़े स्थानीय फैक्ट्री में मजदूरी करता था।
जांच में पता चला कि मृतक का उसी फैक्ट्री में काम करने वाली महिला सोनम से अवैध संबंध था। पूछताछ में सोनम ने कबूल किया कि घटना वाले दिन उसका पति कृष्णा बंजारे उसे और रामा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे गुस्से में आकर कृष्णा ने लकड़ी के बत्ते से रामा के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद कृष्णा, सोनम और उसका साथी रामकृष्ण उर्फ राजाराम बंजारे ने शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से सुनसान जगह फेंक दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता और शव ले जाने में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 964/25 धारा 103, 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
ये आरोपी गिरफ्तार
- कृष्णा बंजारे (44 वर्ष), निवासी रावाभाठा
- रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम (40 वर्ष), निवासी रावाभाठा
- सोनम बंजारे (30 वर्ष), पत्नी कृष्णा बंजारे, निवासी रावाभाठा




