दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सगे भाई ने ही अपने छोटे भाई की ज्वेलरी दुकान में हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने 35 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राजकुमार सोनी और उसके फुफेरे भाई सुरेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 29 सोने के मंगलसूत्र, 2 सोने के बिस्किट और 2 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
🔸 भीड़ का फायदा उठाकर किया चोरी का खेल
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रवि सोनी पिता जवाहर सोनी (50 वर्ष, निवासी कोहका) ने थाना सुपेला (चौकी स्मृतिनगर) में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजकुमार सोनी, जो करीब नौ माह से कान्ति ज्वेलर्स में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था, ने 13 अक्टूबर 2025 की शाम दुकान में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर 40 नग सोने के मंगलसूत्र (कीमत ₹35 लाख) चोरी कर लिए और फरार हो गया।
🔸 त्रिनयन ऐप बना पुलिस की तीसरी आंख
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्रिनयन ऐप की मदद से इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें आरोपी राजकुमार सोनी को रायपुर की ओर जाते हुए देखा गया। आगे जांच में पता चला कि उसने अपने फुफेरे भाई सुरेंद्र सोनी (निवासी चांदनी चौक, पण्डरिया) के साथ मिलकर चोरी के मंगलसूत्रों को गलाकर सोने के बिस्किट में बदलने की योजना बनाई थी।
🔸 दबिश में मिली सफलता
प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजकुमार सोनी के ब्राह्मणपारा, दुर्ग स्थित किराए के मकान में दबिश दी। वहाँ से चोरी का माल — 29 मंगलसूत्र, 11 मंगलसूत्रों को गलाकर बनाए गए 2 सोने के बिस्किट, और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
🔸 सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक प्रमोद रूसिया, उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, प्रआर जितेन्द्र कुशवाहा, अशीष सिंह, प्रेम सिंह, आरक्षक अनिकेत चंद्राकर, हर्षित शुक्ला, कमल नारायण, एवं जुगनु सिंह की भूमिका सराहनीय रही।



