भिलाई। थाना नेवई क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें घर की देखभाल करने वाला ही चोरी का आरोपी निकला। प्रगति नगर, रिसाली निवासी मुकेश सराफ (55 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने 17 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर की आलमारी के लाकर में ₹45,000 रखे थे और काम से बाहर चले गए थे।
शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी अरूणा सराफ ने फोन कर बताया कि लाकर में सिर्फ ₹35,000 बचे हैं, जबकि ₹10,000 गायब हैं। घर में पूछताछ करने पर जब कोई सुराग नहीं मिला, तो मुकेश सराफ को अपने नौकर इंद्रजीत महतो पर शक हुआ। बताया गया कि इंद्रजीत पहले भी घर और दुकान से चोरी कर चुका था, लेकिन उस वक्त इसकी रिपोर्ट नहीं की गई थी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 338/2025 धारा 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान जब इंद्रजीत महतो (30 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती सुपेला को पूछताछ के लिए बुलाया गया, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए पैसों में से कुछ खर्च कर दिए और दुकान से चोरी किए गए पार्ट्स को कबाड़ी को बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹1000 बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नेवई उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर, प्र0आर0 1467 और आर0 1603 रवि बिसाई की सराहनीय भूमिका रही।



