भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है और दिखा दिया है कि ये नए भारत की बेटियां हैं। वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, जो सात बार की विश्व कप चैंपियन है और 8 साल में पहली बार कोई मुकाबला हारी है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे बड़ी रन चेज को हासिल कर विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। जेमिमा के शतक और हरमनप्रीत कौर के दमदार अर्धशतक की बदौलत भारत ने 339 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की।
आपको जानकर हैरानी होगी कि कोई भी टीम वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट मैच में 250 से ज्यादा का टारगेट हासिल नहीं कर पाई है, लेकिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न सिर्फ 250, बल्कि 339 रनों का टारगेट चेज करके विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसी के साथ तय हो गया है कि इस बार एक नया विश्व चैंपियन महिला क्रिकेट को मिलने वाला है, क्योंकि भारत और साउथ अफ्रीका ने कभी वनडे विश्व कप नहीं जीता है। भारतीय टीम ने तीसरी बार विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया है। पहले दो मौकों पर भारतीय टीम को हार मिली थी।
वुमेंस वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट की ये सबसे बड़ी रन चेज भी है। वुमेंस वनडे क्रिकेट में इसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ने 331 रनों का टारगेट चेज करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, जो ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ ही हासिल किया था। भारत ने इस विश्व रिकॉर्ड को ऑस्ट्रेलिया ने छीन लिया है। श्रीलंका ने 302 रनों का टारगेट चेज किया हुआ है। सिर्फ यही तीन टीमें हैं, जिन्होंने वुमेंस वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 प्लस का टारगेट चेज किया है। भारतीय टीम ने भी अपने इतिहास में पहली बार दूसरी ईनिंग में इतने रन बनाए हैं।
इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया वुमेंस वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का लेखा-जोखा
इस मुकाबले की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम की कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए फोएबे लिचफील्ड ने 119 रन, एलिस पैरी ने 77 और एश्ली गार्डनर ने 63 रनों की पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया ने सभी विकेट जरूर खोए, लेकिन 338 रन बनाए। भारत के लिए 2-2 विकेट श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने चटकाए। भारतीय टीम जब 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत अच्छी नहीं रही।
पहला विकेट 13 और दूसरा विकेट 59 रन पर गिर गया था। इसके बाद 150 रनों से ज्यादा की साझेदारी कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स के बीच हुई। 89 रनों की पारी हरमन खेलकर आउट हुईं, लेकिन जेमिमा 127 रन बनाकर नाबाद रहीं। 17 गेंदों में 24 रन दीप्ति शर्मा और 16 गेंदों में 26 रन ऋचा घोष ने बनाए। 8 गेंदों में 15 रन अमनजोत कौर बनाकर नाबाद रहीं। 5 विकेट से ये मैच भारत ने जीता। 49वें ओवर के तीसरी गेंद पर ही 339 रनों का टारगेट भारत ने चेज कर लिया।



