ब्यूरो चीफ रतन कुमार
दुर्ग। थाना पुलगांव। ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक, दुर्ग शाखा में बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है। बैंक के संग्रह कर्मचारियों ने 240 ग्राहकों से वसूली गई करीब 85 लाख रुपये की राशि का गबन कर लिया। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

मामला उस समय सामने आया जब बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित देशमुख ने थाना पुलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में खुलासा हुआ कि हिरन बाई साहू, ग्राम चन्द्रखुरी सहित 240 ग्राहकों से बैंक लोन की वसूली की गई रकम कर्मचारियों द्वारा बैंक में जमा नहीं की गई। ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने पूरी राशि पहले ही जमा कर दी थी।
पुलिस जांच में यह पाया गया कि बैंक के संग्रह कर्मचारियों ने 24 मई 2024 से 24 जून 2025 के बीच ग्राहकों से वसूली गई कुल ₹84,98,940 की राशि को स्वयं के निजी उपयोग में खर्च कर दिया। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 546/2025 के तहत धारा 420, 409, 120-बी भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी —
1️⃣ टीका राम पाटले (35 वर्ष) ग्राम लोरमी, जिला मुंगेली
2️⃣ आकाश नायक (30 वर्ष) ग्राम बसना, जिला महासमुंद
3️⃣ ओम प्रकाश कोसरे (21 वर्ष) बजरंग नगर, उरला
4️⃣ आर्या गोस्वामी (25 वर्ष) साकिन दल्लीराजहरा, जिला बालोद
5️⃣ रेशमा वर्मा (25 वर्ष) साकिन आदित्य नगर, दुर्ग
6️⃣ अंकिता पासवान (22 वर्ष) ग्राम कोसा नगर, सुपेला
आरोपियों ने पूछताछ में राशि गबन करने की बात स्वीकार की है। वे बैंक से दिए गए लोन की वसूली कर रकम बैंक में जमा करने की बजाय खुद के उपयोग में खर्च कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि अन्य कर्मचारियों की भी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और जांच के दौरान और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।




