ब्यूरो चीफ : रतन कुमार
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में दुर्ग एवं भिलाई में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों — बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
दुर्ग पुलिस प्रशासन द्वारा जिले की सभी सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सतत चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच के लिए पुलिस की टीम लगातार गश्त कर रही है।

एंटीसेबोटाज़ टीम और डॉग स्क्वायड को भी सक्रिय किया गया है, जो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों की सूक्ष्म जांच कर रहे हैं।
जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी अपनी टीमों के साथ लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।




