पिच पर उतरकर गेंद-बल्ले से आजमाया हाथ, खिलाड़ियों में छलका उत्साह
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया:- नगर के खेल मैदान में आयोजित बहुप्रतीक्षित अध्यक्ष कफ ट्रॉफी खमरिया प्रीमियम लिग सीजन-2 का शुभारंभ बड़े धूमधाम से हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधीश बेमेतरा श्री रणवीर शर्मा ने दीप प्रज्वलन के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की और युवाओं के इस महाकुंभ को प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर एडीएम भारद्वाज, एसडीएम हर्षलता वर्मा, तहसीलदार मोरध्वज साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल, राजेंद्र बिंदल, रामविलास शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नमिता सिन्हा सहित वार्ड पार्षदों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और तालियों से गूंज उठा।
कलेक्टर ने पिच पर खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
उद्घाटन के बाद कलेक्टर रणवीर शर्मा स्वयं पिच पर उतरे और गेंद-बल्ला संभालकर अपनी उपस्थिति को यादगार बनाया। उनके इस अंदाज़ से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
कलेक्टर ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा—
“यह टूर्नामेंट सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों में उज्ज्वल भविष्य की दिशा दिखाने वाला मंच है।”
12 टीमें, 10 दिन, 34 रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट में इस वर्ष कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो 10 दिनों तक 34 मुकाबलों में प्रतिभा का जोर दिखाएँगी।
प्रथम पुरस्कार: ₹1,11,111
द्वितीय पुरस्कार: ₹55,555
इन आकर्षक पुरस्कारों ने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया है।
स्थानीय नेतृत्व ने सराहा आयोजन
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका देते हैं और नगर की पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं।
यूट्यूब पर लाइव प्रसारण
समस्त मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर लाइव किया जा रहा है, जिससे नगरवासी और खेल प्रेमी घर बैठे प्रतियोगिता का आनंद ले रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
चंदन अग्रवाल (अध्यक्ष प्रतिनिधि), मनोज मुरारका, प्रमोद सिंघानिया, पवन मुरारका, गिरीश शर्मा,बलराम निषाद,योगराज साहू,सुभाष साहू,मेघनाथ सिन्हा कैश शेख , जिमी ख़ान , शौर्य राजपूत , सुभाष राजपूत , आदित्य राजपूत , सैफ शेख सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, युवा व दर्शक उपस्थित रहे।
थानखमरिया का यह खेल महोत्सव आगामी दिनों तक खिलाड़ियों और दर्शकों को रोमांचित करता रहेगा।




