मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और बचपन बचाओ आंदोलन की संयुक्त टीम ने हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस में दबिश देकर छह नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर देर रात मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने नाकाम कर दिया। मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और बचपन बचाओ आंदोलन की संयुक्त टीम ने हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस में दबिश देकर छह नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। सभी बच्चे पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र के बताए गए हैं और उनकी उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच है।
टीम को खबर मिली थी कि एक व्यक्ति नाबालिगों को ट्रेन के माध्यम से मुंबई की ओर ले जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद संयुक्त टीम ने गुरुवार रात ट्रेन का निरीक्षण किया। एस–3 कोच में संदिग्ध गतिविधियाँ मिलने पर जांच की गई और वहीं से बच्चों को बचाया गया। बचाए गए नाबालिगों को चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में रखा गया है, जहाँ उनकी काउंसलिंग और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ऑपरेशन के दौरान फिरोज अली मंडल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि आरोपी बच्चों को मुंबई ले जाकर एक होटल में अवैध रूप से काम पर लगाने की फिराक में था। GRP ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी संबंधी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे पूछताछ जारी है।




