Bureau Chief: Ratan Kumar
रायपुर | कांकेर जिले में सामने आए धर्मांतरण से जुड़े मामलों के बाद प्रदेश में बढ़ते तनाव को देखते हुए सर्व समाज द्वारा 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी समर्थन देने की घोषणा की है।
चैंबर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार हो रहे धर्मांतरण से सामाजिक संतुलन और प्रदेश की जनसांख्यिकी प्रभावित हो रही है।
अजय भसीन ने बताया कि कांकेर की घटना के बाद व्यापारी समाज को लेकर भी वातावरण खराब करने का प्रयास किया गया है। इसे देखते हुए चैंबर की बैठक में सर्वसम्मति से 24 दिसंबर को बंद के समर्थन का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज हमेशा प्रदेश के संवेदनशील मुद्दों पर समाज के साथ खड़ा रहा है।
24 दिसंबर को प्रदेशभर में दुकानों एवं सब्जी मंडियों को बंद रखने की अपील की गई है। इस बंद को ट्रांसपोर्ट चैंबर का भी समर्थन प्राप्त है, जिससे वाहनों के संचालन पर असर पड़ने की संभावना है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न व्यापारी संगठनों ने व्यापारियों से स्वेच्छा से बंद का समर्थन करने की अपील की है। साथ ही प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की गई है।
सर्व समाज एवं व्यापारी संगठनों ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। बंद को पूर्ण समर्थन देने के लिए अग्रवाल, मारवाड़ी, जैन, सिख एवं सिंधी समाज के प्रमुखों ने भी सहमति जताई है।




