ब्यूरो चीफ़ — रतन ठाकुर
दुर्ग। थाना नेवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक जोड़ी सोने के टाप्स और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुजल जैन निवासी महावीर कॉलोनी दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कृष्णा टॉकीज़ रोड, रिसाली स्थित “उपहार ज्वेलर्स” दुकान में 17 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 1 बजे एक महिला टाप्स देखने के बहाने आई।

टाप्स देखते समय जैसे ही प्रार्थी कैलकुलेटर लेने के लिए पीछे मुड़ा, तभी महिला ने चुपके से एक जोड़ी सोने के टाप्स (करीब 4 ग्राम, कीमत लगभग ₹45,000) अपने पास रख लिए और “अभी आती हूँ” कहकर दुकान से निकल गई। बाद में वजन मिलाने पर चोरी का पता चला और मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदेही महिला संगीता कोठारी (उम्र 31 वर्ष), ग्राम खोला थाना आर. जामगांव, हाल निवासी रिसाली सेक्टर भिलाई, घटना के समय बैंगनी रंग की स्कूटी (सीजी-07-BV-6149) से आई थी और चोरी किए गए टाप्स बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है।
पुलिस ने संदेही से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेन्डम के आधार पर चोरी किए गए सोने के टाप्स और स्कूटी को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
इस कार्रवाई में थाना नेवई प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर, उनि सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक महावीर साहू, आरक्षक रवि बिसाई और म.आर. कीर्ति साहू का सराहनीय योगदान रहा।
अपराध क्रमांक: 412/2025
धारा: 303 बीएनएस
आरोपी: संगीता कोठारी
बरामद सामान: एक जोड़ी सोने के टाप्स एवं स्कूटी सीजी-07-BV-6149




