नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में बड़ा कदम, स्वास्थ्य, सड़क, जल संसाधन, पंचायत एवं नगरीय निकायों के कार्य शामिल
नवागढ़ को मिली विकास की नई रफ्तार, 44 कार्यों को मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में बेमेतरा जिले में अधोसंरचना सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
बेमेतरा – – छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नवागढ़ प्रवास के अवसर पर क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। इस अवसर पर नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विभागों के कुल 44 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण संपन्न हुआ, जिनकी कुल प्रशासकीय स्वीकृत राशि ₹16,554.37 लाख है। इन विकास कार्यों से स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, जल संसाधन, ग्रामीण एवं नगरीय अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 विकास कार्य का भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत ₹1,806.92 लाख है। वहीं लोक निर्माण विभाग, संभाग बेमेतरा द्वारा सड़क एवं भवन निर्माण के क्षेत्र में 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत ₹11,577.29 लाख है, जिससे क्षेत्रीय संपर्कता एवं यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। पेयजल एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सशक्त करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, संभाग बेमेतरा के अंतर्गत 2 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनकी लागत ₹353.91 लाख है। सामाजिक न्याय एवं समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 विकास कार्य का भूमिपूजन ₹191.51 लाख की लागत से किया गया।
ग्रामीण संपर्कता को सुदृढ़ करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन ₹313.42 लाख की लागत से संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, जिला बेमेतरा के अंतर्गत 2 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹120.69 लाख की लागत से तथा 2 विकास कार्यों का लोकार्पण ₹130.42 लाख की लागत से किया गया। इस प्रकार मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत कुल 4 विकास कार्य ₹251.11 लाख की लागत से शामिल रहे। जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जल संसाधन विभाग, संभाग बेमेतरा द्वारा 1 विकास कार्य का भूमिपूजन ₹424.31 लाख की लागत से किया गया। ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹647.82 लाख की लागत से संपन्न हुआ। नगरीय अधोसंरचना विकास के तहत नगर पंचायत नवागढ़ में 7 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹489.84 लाख की लागत से तथा 1 विकास कार्य का लोकार्पण ₹20.00 लाख की लागत से किया गया। इस प्रकार नगर पंचायत नवागढ़ अंतर्गत कुल 8 विकास कार्य ₹509.84 लाख की लागत से शामिल रहे। वहीं नगर पंचायत मारो में 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹247.24 लाख की लागत से संपन्न हुआ।
इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹231.00 लाख की लागत से किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। समग्र रूप से इस अवसर पर 39 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹16,050.04 लाख की लागत से तथा 5 विकास कार्यों का लोकार्पण ₹504.33 लाख की लागत से किया गया। इस प्रकार कुल 44 विकास कार्यों के लिए ₹16,554.37 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य, सड़क, जल संसाधन, ग्रामीण एवं नगरीय अधोसंरचना के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक निर्णायक पहल है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ प्राप्त होंगी, विकास कार्यों में गति आएगी तथा नवागढ़ सहित जिला बेमेतरा की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।




