नई दिल्ली, 2025 के आख़िरी दिन राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में आ गई। सुबह से बेहद कम विजिबिलिटी के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। जानकारी के मुताबिक 300 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा, जिनमें 148 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा करीब 200 फ्लाइट्स देरी से चलीं, जबकि 2 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा। कोहरे को देखते हुए इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस ने साफ कहा है कि एयरपोर्ट निकलने से पहले यात्री अपनी फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक करें। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक प्रोटोकॉल के तहत उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन देरी और रद्दीकरण की स्थिति बनी रह सकती है। कोहरे का असर सिर्फ हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। कई रूटों पर ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। खराब विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी काफी धीमी रही। इधर, दिल्ली की हवा भी बेहद खराब बनी हुई है। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार सुबह 6:05 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 383 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है और गंभीर स्तर के करीब पहुंच चुका है।प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट और ट्रेन की स्थिति जांचें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि कोहरे की वजह से होने वाली परेशानी से बचा जा सके।




