विशेष प्रतिनिधि मनीष सिंह
राजनांदगांव/ जिले ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए वर्ष 2026 को उपलब्धियों का स्वर्णिम अध्याय बना दिया है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से राजनांदगांव ने न केवल अपने निर्धारित लक्ष्यों को पार किया, बल्कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड और आयुष्मान कार्ड पंजीयन—दोनों में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। यह सफलता प्रशासनिक प्रतिबद्धता, जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों और जनभागीदारी का प्रतिफल मानी जा रही है।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिले में आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए राजनांदगांव जिला ने अपने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 100.20 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर राज्य का पहला ऐसा जिला बनने का गौरव हासिल किया है, जहाँ इस योजना के अंतर्गत सर्वप्रथम शत-प्रतिशत से अधिक पंजीयन पूर्ण हुआ है। जिले में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के 25 हजार 38 पात्र वरिष्ठ नागरिकों में से 25 हजार 88 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है।
इस योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त नि:शुल्क उपचार प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे बुजुर्गों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं।
वहीं दूसरी उपलब्धि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन से जुड़ी है, जहाँ 9 लाख 52 हजार 546 के लक्ष्य के विरुद्ध 9 लाख 37 हजार 461 हितग्राहियों का पंजीयन कर 98.42 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। इस उपलब्धि के साथ आयुष्मान कार्ड पंजीयन में भी राजनांदगांव जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
इस विधि ने दिलाई उपलब्धि
डोर-टू-डोर संपर्क: स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के घर-घर पहुँचकर पंजीयन का कार्य किया गया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
स्वामित्व लेने की कार्यपद्धति: आला अधिकारियों से लेकर कनीय कर्मचारियों तक ने बिना किसी भेदभाव के सामूहिक स्वामित्व की भावना के साथ कार्य किया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सुरक्षा कवच
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क, कैशलेस एवं पेपरलेस उपचार सार्वजनिक एवं निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना शासन की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य बीमा पहल है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों ने बधाई संदेश देते हुए शासकीय अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बेहतर कार्य संस्कृति के निर्माण का परिणाम बताया। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सर्वस्पर्शी दृष्टिकोण और बेहतर प्रबंधन से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं रहता। महापौर मधुसुदन यादव, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने इस सफलता का श्रेय राजनांदगांव की उर्वरा भूमि और वरिष्ठ नेतृत्व को दिया।


