थानखम्हरिया:- स्थानीय रेस्ट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा मंडल के तत्वावधान में भव्य सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता चंदन अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता अग्रवाल ने कहा कि प्रज्ञा निर्वाणी हमारे गांव की बेटी हैं, जिन्हें जिले में महिलाओं के नेतृत्व और संगठन की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह हम सभी नगरवासियों के लिए गर्व का विषय है। उनके नेतृत्व में महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और ताकत मिलेगी।

मुख्य वक्ता प्रज्ञा निर्वाणी ने भारत माता की जयकारों के साथ अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि वे परिवार के सदस्य की तरह सभी से मिलने आई हैं। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी तक जिले की महिला मोर्चा कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की परिवार और समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महिला जब घर से बाहर निकलती है तो वह केवल अपने कार्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे परिवार की व्यवस्था सुनिश्चित कर निकलती है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानना होगा। हम कहीं से कमजोर नहीं हैं, देश की आधी आबादी का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
प्रज्ञा निर्वाणी ने मोदी सरकार की योजनाओं को महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए उज्ज्वला गैस योजना का उल्लेख किया, जिससे करोड़ों महिलाओं को धुएं और बीमारी से राहत मिली। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान, हर घर जल योजना से पेयजल सुविधा तथा पक्के शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ है।
उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाएं, क्योंकि देश निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती में महिलाओं की भूमिका निर्णायक है।
अपने संबोधन के अंतिम चरण में उन्होंने पूर्व कृषि मंत्री एवं विधायक के शासनकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ हुए कथित अपमानजनक व्यवहार पर तीखा कटाक्ष किया।
कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर राजपूत ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से घनश्याम ठाकुर, रोहित राजपूत, नमिता सिन्हा, सरिता जैन, रेखा शर्मा, टिकम अग्रवाल, शिवानी यादव, सरपंच चितरेन साहू, लालाराम साहू, हीरामणि साहू, सूरज पाल, आदर्श जोशी, प्रवेश नेताम, सोनू शर्मा, कृष्णा वैष्णव, मीना राजपूत सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।




