ब्यूरो चीफ : रतन कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के मामले में कड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। यह आदेश प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दिनांक 11 जनवरी 2026 को जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभावशील बताया गया है।

जारी निष्कासन आदेश में उल्लेख किया गया है कि श्री तिवारी द्वारा हाल के दिनों में झीरम घाटी हमले से संबंधित न्यायिक जांच आयोग को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का नार्को टेस्ट कराए जाने हेतु आवेदन दिया गया था। इस संबंध में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, किंतु प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय दीपक बैज के निर्देशानुसार यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी की मर्यादा, अनुशासन एवं संगठनात्मक एकता के विरुद्ध किए गए कृत्य को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।
निष्कासन आदेश प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी किया गया है। साथ ही इस निर्णय की सूचना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं एवं संचार विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
प्रदेश कांग्रेस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई संगठन में अनुशासन बनाए रखने और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को कांग्रेस द्वारा सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




