डोंगरगढ़/डोंगरगांव। एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन, नई दिल्ली से पधारे माननीय ट्रस्टी श्री लक्ष्मीनारायण गोयल जी, सचिव श्रीमती अराधना शर्मा जी एवं डायरेक्टर श्री कुमार भास्कर शर्मा जी का छत्तीसगढ़ दौरा आज संपन्न हुआ।
एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में माननीय ट्रस्टी श्री लक्ष्मीनारायण गोयल जी का आगमन हुआ। दौरे के दौरान सर्वप्रथम प्रतिभास्थली ज्ञानोदय विद्यापीठ, राजकट्टा (डोंगरगढ़) का भ्रमण किया गया। इसके पश्चात डोंगरगढ़ के समीप स्थित कन्हार गाँव के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र तथा डोंगरगांव स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया गया।


भ्रमण के दौरान सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बहनों द्वारा माननीय ट्रस्टी का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बहनों का परिचय कराया गया तथा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई।
सिलाई प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी बहनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार ग्रामोत्थान सिलाई केंद्र के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हुई हैं।
माननीय श्री लक्ष्मीनारायण गोयल जी ने प्रशिक्षण केंद्रों में संचालित कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता हेतु किए जा रहे प्रयासों को अत्यंत सराहनीय बताया।
एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए निरंतर बहुआयामी कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य में एकल ग्रामोत्थान के माध्यम से 6 सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, महिला सशक्तिकरण केंद्र (WEC) संचालित हैं। इसके अतिरिक्त फरवरी माह में 4 नवीन WEC केंद्रों का उद्घाटन प्रस्तावित है। साथ ही राज्य में 1 कंप्यूटर ट्रेनिंग लैब (CTL) एवं 1 एकल ऑन व्हील (EOW – मोबाइल यूनिट) भी संचालित है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय समिति रायपुर से संजीव रुंगटा, संजीव पोद्दार, नारायण भूषणिया, संध्या गुप्ता, संगीता मिश्रा, एवं अनिता आचार्य , लक्ष्मी यादव, अजय मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




