कोरबा में न्यूज एंकर सलमा सुल्तान हत्याकांड की सुनवाई के दौरान चश्मदीद गवाह ने कोर्ट में सनसनीखेज बयान दिया। गवाह के मुताबिक जिम ट्रेनर मधुर साहू ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की और बाद में शव को ठिकाने लगाया। हत्या के बाद मधुर साहू साइको किलर की तरह शव को बाएं हाथ से गोद में लेकर दाएं हाथ से सिगरेट के कश लगाते हुए ‘तुझसे नाराज नहीं जिंदगी, हैरान हूं मैं’ गाना गा रहा था।
कोरबा में न्यूज एंकर सलमा सुल्तान की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या करने के बाद जिम ट्रेनर मधुर साहू ने फिल्मी विलेन जैसी हरकतें की थीं। हत्याकांड की सुनवाई के दौरान चश्मदीद गवाह डिंपल सिंह (काल्पनिक नाम) ने न्यायालय में चौंकाने वाला बयान दिया। गवाह ने बताया कि हत्या के बाद मधुर साहू साइको किलर की तरह शव को बाएं हाथ से गोद में लेकर दाएं हाथ से सिगरेट के कश लगाते हुए ‘तुझसे नाराज नहीं जिंदगी, हैरान हूं मैं’ गाना गा रहा था। गवाह के अनुसार यह गाना सलमा सुल्तान का पसंदीदा था।
वर्ष 2018 में हुई सलमा सुल्तान की हत्या की सुनवाई कोरबा के विशेष सत्र न्यायालय में चल रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद गवाह डिंपल को पेश किया। उसने बताया कि प्रोटीन वर्ल्ड जिम में वह कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थी। कोर्ट में गवाह ने यह भी स्वीकार किया कि ट्रेनर मधुर ने उसे भी अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था, लेकिन जब उसने कंप्यूटर में अन्य लड़कियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मधुर की तस्वीरें देख लीं, तो उसने उससे रिश्ता समाप्त करने की कोशिश की। पर उसके आपत्तिजनक फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर उससे अपनी इच्छा मुताबिक काम लेता रहा। बाद में उसे पता चला कि मधुर साहू के सलमा सुल्तान सहित अन्य कई युवतियों से भी संबंध थे।



