– महोत्सव का शुभारंभ, ₹523 करोड़ के 109 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मैनपाट महोत्सव-2026 के शुभारंभ अवसर पर सरगुजा जिले को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹523 करोड़ से अधिक की लागत वाले 109 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में अधोसंरचना विकास को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरगुजा और मैनपाट क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक धरोहर के लिए विशेष पहचान रखते हैं, इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। लाभार्थियों को मिली इस सहायता से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
तिब्बती संस्कृति पर आधारित नृत्य से हुआ स्वागत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का तिब्बती बंधुओं द्वारा तिब्बती संस्कृति पर आधारित “ताशी शोपा“ नृत्य के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण किया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पहले दिन गायक मनोज तिवारी के गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय कला-संस्कृति की झलक ने भी आकर्षण बढ़ाया।
पर्यटन स्थलों का हो रहा समग्र विकास
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और नई संभावनाओं के सृजन की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं।




