परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
नगर पंचायत थान खमरिया में बोर्ड परीक्षा हेतु दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहला परीक्षा केंद्र भारत माता कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (नया भवन) तथा दूसरा बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित किया गया है।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री निलेश चंद्रवंशी द्वारा दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
भारत माता कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य संध्या दीपक एवं प्रोफेसर बालमुकुंद साहू ने बताया कि परीक्षा में कुल 137 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इनमें रसायन विषय के 89, राजनीति शास्त्र के 12 एवं लेखाशास्त्र के 36 विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
निरीक्षण के अवसर पर समूह समन्वयक श्री हरि केडिया, श्री अजीमुद्दीन कुरैशी एवं श्री ढाल सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे।
विकासखंड अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि सभी केंद्रों पर शिक्षा विभाग एवं प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षाएं निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।




