ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। भारतीय जनता पार्टी के धमधा मंडल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री कृष्ण पैलेस, धमधा में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति, कार्यपद्धति, इतिहास, वैचारिक आधार तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं नमो ऐप के उपयोग पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री शिव चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष तेखन सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल, बृजेन्द्र दानी, महामंत्री बनऊ वर्मा, छगन साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रमन लाल यादव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित ठाकुर, आदर्श शर्मा, श्वेता शर्मा, कार्यक्रम प्रभारी पीयूष ताम्रकार, दिलीप गुप्ता, पार्षद कुमारी बाई टोनडरे, चंद्रिका प्रसाद भट्ट एवं अशोक यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर राष्ट्रीय एवं राजकीय गीत के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक शिव चंद्राकर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा एवं कार्यप्रणाली से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।
मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता बूथ स्तर तक अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का कार्य करेंगे।
बूथ प्रबंधन पर दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में अलग-अलग विषयों पर वक्ताओं ने मार्गदर्शन दिया। तेखन सिन्हा ने कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला, जबकि जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार ने सरकार की उपलब्धियों एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी दी।
जिला महामंत्री दिलीप साहू ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर प्रकाश डाला, वहीं कांतिलाल जैन ने कार्य विस्तार की रणनीति पर अपने विचार रखे। राकेश साहू ने सोशल मीडिया, एआई एवं नमो ऐप के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री बनऊ वर्मा एवं छगन साहू द्वारा किया गया। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




