ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-उल-फितर का पावन पर्व हर्षोल्लास, उत्साह एवं पारंपरिक भाईचारे के साथ मनाया गया। रमजान माह के दौरान पूरे एक महीने तक रोजा रखने के बाद ईद का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

सुबह मुस्लिम भाइयों ने मस्जिद में एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की तथा देश और समाज में अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी। इस अवसर पर लोगों ने नए वस्त्र धारण किए और एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहकर बधाई दी।
त्योहार के मौके पर घरों में विशेष पकवान जैसे बिरयानी एवं सेवइयां बनाई गईं, जिनका सभी ने आनंद लिया। सेवइयां ईद का प्रमुख व्यंजन माना जाता है, जिसे लोग बड़े प्रेम से एक-दूसरे को खिलाते हैं।
यह पर्व रमजान माह के समापन पर अल्लाह का शुक्रिया अदा करने तथा आपसी एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने का अवसर होता है। ईद के दिन मुस्लिम समुदाय के लोग जरूरतमंदों को दान (जकात और फितरा) भी देते हैं, जिससे समाज में समानता और सहयोग की भावना बनी रहे।
ईद के अवसर पर मस्जिदों को विशेष रूप से सजाया गया। नमाज के बाद तकरीर में बताया गया कि अल्लाह के दरबार में सच्चे दिल से की गई हर दुआ कबूल होती है।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वहीं हिंदू समुदाय के लोगों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारा और मजबूत हुआ।
इस अवसर पर शेख वसीम, जाहिद खान, जाहिद मोहम्मद, शेख मोनू, मोहम्मद एजाज, मोहम्मद शफी, आतिफ अली, शोएब खान, मोहम्मद सिद्दीक, बालू कुरेशी, जाहिर मोहम्मद, बशीरुद्दीन, नसरुद्दीन सहित अनेक लोगों ने एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं।




