बेमेतरा में घर में घुसकर तोड़फोड़ और उत्पात मचाने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में करीब 25 लाख की क्षति हुई थी। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
बेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस ने रात में घर में घुसकर तोड़फोड़ और उत्पात मचाने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घर के शीशे और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया था। मामले में पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये की क्षति का आकलन किया है।
एडिशनल एसपी हरीश कुमार यादव ने बताया कि 26 अक्तूबर 2025 को मेहर सिंह सलुजा उर्फ क्रिश ने अपनी डिफेंडर कार को तेज और लापरवाही से चलाते हुए कंतैली के पास कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायल हुए थे।
इस घटना से नाराज लोगों की भीड़ उसी रात करीब 8:30 से 10 बजे के बीच आरोपी के घर और दुकान पहुंच गई। भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों का पंचनामा तैयार किया। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीड़ित पक्ष के परिजनों ने आरोपियों की पहचान की। करीब 5 महीने बाद विवेचना के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में युवराज साहू उर्फ राजू (19) ब्राम्हणपारा, समीर रजा (19) बाजारपारा, साहिल सोलंकी (29) कुर्मीपारा, भोला सोनी (22) सोनीपारा और जिवेश तिवारी (25) कोबिया शामिल हैं।




