ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
बेमेतरा। रेवेन्द्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय बेमेतरा में छात्र संघ गठन, शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि दीपेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्र संगठन विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है तथा समावेशी वातावरण का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद गतिविधियों से मानवीय मूल्यों का विकास होता है, जिससे समाज भी प्रगतिशील बनता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलसचिव कपिल देव दीपक उपस्थित रहे। उन्होंने महाविद्यालय के प्रदर्शनी कक्ष, प्रयोगशालाओं एवं प्रक्षेत्र का भ्रमण कर समन्वित कृषि प्रणाली के अंतर्गत सांप-सीढ़ी मॉडल एवं मशरूम उत्पादन की सराहना की। उन्होंने कम लागत में मशरूम उत्पादन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भविष्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने छात्र संघ के दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए नवगठित पदाधिकारियों को कर्तव्यपरायणता एवं अनुशासन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर वर्ष 2024-25 की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि एवं प्रतिभा निखारने में सहायक होते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र बेमेतरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तोषण ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर डॉ. यू. के. ध्रुव, डॉ. टी. डी. साहू, डॉ. असित कुमार, कुंती बंजारे, डॉ. भारती बघेल, डॉ. हेमलता निराला, डॉ. प्रीति पैंकरा, राजेश्वरी कुर्रे, डॉ. साक्षी बजाज, श्रीमती प्रतिभा सिंह, डॉ. सरिता शर्मा, डॉ. महानंद, डॉ. रामेश्वर, संजीव गुर्जर सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




