बेमेतरा के दाढ़ी थाना पुलिस ने नदी किनारे चल रहे जुआ अड्डे पर छापा मारकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया। मौके से 80 हजार से ज्यादा नकद और ताश जब्त किए गए।
बेमेतरा जिले में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी किनारे चल रहे एक जुआ अड्डे पर दबिश दी। थाना दाढ़ी पुलिस की इस कार्रवाई में छह जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 80,410 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना दाढ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाफ नदी किनारे स्थित ईंट भट्ठा, ग्राम मजगांव में कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जैसे ही पुलिस पहुंची, वहां मौजूद कुछ लोग अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में छेदी साहू (60), मो. गोलू उर्फ सना आजमी (42) दोनों निवासी ग्राम कुंडा, जिला कबीरधाम, बिरेन्द्र (38), विकास सिंह (36), गोविंद मल्लाह (35) और बिरेन्द्र गेन्द्रे (35) निवासी ग्राम चरघट, थाना दाढ़ी, जिला बेमेतरा शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई रामकुमार दिवाकर ने कहा कि थाना क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




