Home छत्तीसगढ़ नगर में फिर मिला 100 रुपये का नकली नोट, व्यापारियों में बढ़ी...

नगर में फिर मिला 100 रुपये का नकली नोट, व्यापारियों में बढ़ी चिंता

45
0

थान खमरिया।  नगर में नकली नोटों का मामला लगातार सामने आ रहा है। रविवार को सब्जी मंडी, फुटकर व्यापारियों और शराब दुकान में 100, 200 एवं 500 रुपये के नकली नोट मिलने के बाद सोमवार को एक बार फिर 100 रुपये का नकली नोट बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह नकली नोट एक पोल्ट्री व्यवसायी के गल्ले से मिला है। खास बात यह है कि इस नोट का सीरियल नंबर पूर्व में मिले नकली नोटों से मेल खाता है, जिससे यह आशंका और गहरा गई है कि बाजार में बड़ी संख्या में नकली नोट खपाए जा रहे हैं।
रविवार को भी एक ही सीरियल नंबर वाले 100, 200 और 500 रुपये के कई नकली नोट मिलने की पुष्टि हुई थी। इससे स्पष्ट होता है कि नकली नोट चलाने वाले गिरोह सक्रिय हैं और भीड़भाड़ वाले बाजारों को अपना निशाना बना रहे हैं।
इस संबंध में व्यापारियों ने थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा से मुलाकात कर मामले में आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग की मांग की है। पुलिस ने भी व्यापारियों को लेनदेन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
सोमवार को पोल्ट्री व्यवसायी गफ्फार खान को फुटकर व्यापारी द्वारा दिए गए नोटों के बंडल में 100 रुपये का नकली नोट मिला, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि नगर में नकली नोटों का प्रचलन बढ़ रहा है।
फिलहाल, लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद नगर के व्यापारी सतर्क हो गए हैं और प्रत्येक लेनदेन में सावधानी बरत रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here