बिलासपुर में कार को चलता-फिरता सट्टा अड्डा बनाकर आईपीएल पर दांव लगाने का मामला सामने आया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए लोकेशन बदलकर सट्टा संचालित कर रहे थे।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का तरीका अब और भी हाईटेक होता जा रहा है। सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां आरोपी कार को ही चलता-फिरता सट्टा अड्डा बनाकर आईपीएल मैचों पर दांव लगा रहे थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जांच में मोबाइल फोन से आईपीएल मैचों पर हार-जीत के दांव और लेन-देन के साक्ष्य मिले। गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर गुप्ता, दीपचंद सोनकर (गनियारी, देवरीखुर्द) और सीताराम साहू (कीर्तिनगर, सिरगिट्टी) शामिल हैं, जो अलग-अलग जगहों से आकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, आरोपियों के पास से 5,01,300 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार सहित कुल 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




