ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
बेमेतरा । जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मंगलवार को रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम में रोजगार के साथ-साथ जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
इस अवसर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, आजीविका संवर्धन एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान “नवा तरिया आय के जरिया” पहल पर विशेष प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नए तालाब (तरिया) निर्माण से जहां जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से महिलाओं की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी, किश्तों के प्रावधान एवं निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीणों को जनभागीदारी के माध्यम से प्रत्येक घर में सोखता गड्ढा (Soak Pit) निर्माण हेतु जागरूक किया गया। इसके साथ ही युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जल संरक्षण के कार्यों को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
कार्यक्रम में “VB-GRAM-G” अभियान का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कुल मिलाकर, रोजगार सह आवास दिवस के इस आयोजन ने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन एवं जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




