थान खमरिया। नगर के राधा-कृष्ण जमात मंदिर में एक दिवसीय भजन-सत्संग कार्यक्रम का आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। श्री राम सेवा सत्संग मानस समिति के तत्वावधान में महिला स्व-सहायता समूह एवं दंतेश्वरी महिला मानस मंडली के सौजन्य से यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। प्रमुख भजनों में “जिंदगी भर हम काम करते रह गए, हरि भजन को हम तरसते रह गए”, “मेरे रोम-रोम में राम, मेरे कण-कण में राम” तथा “कहां जावे गंगा-जमुना, यही तो नहा ले” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित सभी भक्त भजनों की सुरमयी धुनों में डूबकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करते नजर आए।
भजन एवं सत्संग के माध्यम से पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। यह आयोजन सामाजिक एकता एवं धार्मिक समरसता का भी प्रतीक बना।
कार्यक्रम के संयोजक अनिल सिंघानिया ने बताया कि नगर में प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर सत्संग कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से भजन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों द्वारा लोगों को परमात्मा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र पद्धति है, जो मानवता, प्रेम और कर्तव्य का संदेश देती है। साथ ही समाज को धर्म और संस्कृति के संरक्षण हेतु संगठित रहने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर अन्नपूर्णा वैष्णव, गोदावरी मिश्रा, गणेशिया सिन्हा, अश्वनी सिन्हा, संतोषी कुंभकार, ममता यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ किया गया।




