ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर विकास के क्रम में थान खमरिया नगर पंचायत क्षेत्र में 12 अप्रैल 2026, दिन रविवार को छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आगमन होने जा रहा है। लंबे समय बाद उनके नगर आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री श्री साव का आगमन सुबह 11:00 बजे अटल परिषद, पुरुषोत्तम नगर में होगा। इस दौरान नगर पंचायत थान खमरिया द्वारा 10 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में साजा विधायक ईश्वर साहू उपस्थित रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल करेंगी।
विशिष्ट अतिथियों में प्रहलाद रजक (अध्यक्ष रजक कल्याण बोर्ड), जितेन साहू (अध्यक्ष तेलघानी बोर्ड), अजय साहू (जिला अध्यक्ष भाजपा बेमेतरा), ओमप्रकाश जोशी (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा), बसंत अग्रवाल (भाजपा नेता एवं समाजसेवी), राजेश ठाकुर (जिला महामंत्री भाजपा बेमेतरा), जितेंद्र साहू (अध्यक्ष जनपद पंचायत साजा), श्रीमती देवी परमेश्वर वर्मा (सभापति जिला पंचायत बेमेतरा), केशव पटेल (अध्यक्ष भाजपा मंडल) तथा सुरेश सिंघानिया (जिला भाजपा मंत्री) सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में पार्षदगण, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साथ ही आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें “रंग झरोखा” एवं कलाकार रिंकी देवांगन द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत थान खमरिया द्वारा आसपास के क्षेत्रवासियों, ग्रामवासियों एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की गई है।




