ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर एवं आसपास के क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज नगर आगमन पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान वे करोड़ों रुपए की लागत से स्वीकृत सड़कों, भवनों, जल योजनाओं एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की सौगात देंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर में कुल मिलाकर सैकड़ों लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं शैक्षणिक संस्थानों के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण शामिल हैं। भूमिपूजन कार्यों की कुल स्वीकृत राशि लगभग 580.78 लाख रुपए बताई गई है।
वहीं लोकार्पण हेतु भी कई महत्वपूर्ण कार्य तैयार हो चुके हैं, जिनका आज उद्घाटन किया जाएगा। इन कार्यों की कुल लागत लगभग 425.45 लाख रुपए है। इनमें अटल परिसर निर्माण, विद्यालयों में प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं सांस्कृतिक कक्ष निर्माण, सार्वजनिक शौचालय उन्नयन तथा जल आवर्धन योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विधायक निधि, डीएमएफ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत भी कई निर्माण कार्यों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के आगमन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।




