Home छत्तीसगढ़ नहीं रहीं सुरों की मल्लिका आशा भोसले: राष्ट्रपति-PM समेत दिग्गजों ने दी...

नहीं रहीं सुरों की मल्लिका आशा भोसले: राष्ट्रपति-PM समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि, संगीत जगत में शोक की लहर

19
0

महान गायिका आशा भोसले के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुंबई के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने गहरा दुख जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जानिए किसने क्या कहा…

आज रविवार को भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात लगा है। सुरों की दुनिया पर दशकों तक राज करने वाली महान गायिका आशा भोसले के निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके जाने से संगीत का एक स्वर्णिम युग मानो थम सा गया है।

राष्ट्रपति ने जताया शोक
भारत की प्रतिष्ठित गायिका आशा भोसले के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले के जाने से संगीत जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जिसे भर पाना असंभव है। उनकी अद्वितीय गायकी ने भारतीय संगीत के एक पूरे युग को परिभाषित किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें आशा जी से हुई व्यक्तिगत मुलाकातें हमेशा याद रहेंगी। एक कलाकार और व्यक्ति के रूप में उन्होंने जीवन को अपने तरीके से जिया और दशकों तक अपनी मधुर आवाज़ से भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उन्होंने कहा कि उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा और वह संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेंगी।

पीएम मोदी का शोक संदेश 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाज़ों में से एक थीं, जिनकी संगीत यात्रा ने दशकों तक भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया। पीएम मोदी ने कहा कि उनके भावपूर्ण गीतों और जीवंत संगीत ने दुनिया भर में लाखों दिलों को छुआ। उन्होंने आशा जी के साथ हुई अपनी मुलाकातों को हमेशा यादगार बताया और कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार, प्रशंसकों तथा संगीत प्रेमियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की आवाज ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया और उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उन्होंने इसे संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार और उनके करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

संगीत जगत को मिली अपूरणीय क्षति- अमित शाह 
गायिका आशा भोसले के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दिन हर संगीत प्रेमी और हर भारतीय के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अमित शाह ने कहा कि आशा भोसले ने अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से संगीत जगत में एक अलग पहचान बनाई। उनकी गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और हर शैली में उनकी पकड़ ने उन्हें विशेष बनाया। उन्होंने हिंदी, मराठी, बंगाली, तमिल, गुजराती सहित कई भाषाओं में यादगार गीत गाए और लोक संगीत में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी।

गृह मंत्री ने कहा ‘आशा जी की आवाज जितनी मधुर थी, उनका स्वभाव भी उतना ही सरल और आत्मीय था। उनसे हुई मुलाकातें हमेशा संगीत और कला से जुड़ी प्रेरक चर्चाओं से भरी रहती थीं।’ उन्होंने कहा कि भले ही आशा जी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों व प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

आशा भोसले के निधन पर नितिन गडकरी का भावुक संदेश
भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे देश के संगीत क्षेत्र के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति बताया। नितिन गडकरी ने कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा से संगीत की दुनिया में अलग पहचान बनाई। उनके साथ उनके व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंध भी रहे, जिससे यह क्षति उनके लिए और अधिक भावुक कर देने वाली है।

उन्होंने कहा कि ‘नया दौर’, ‘तीसरी मंजिल’, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘उमराव जान’, ‘इजाजत’ और ‘रंगीला’ जैसी फिल्मों के गीतों को आशा भोसले ने अपनी आवाज से अमर बना दिया। एक प्लेबैक सिंगर के रूप में उन्होंने अनेक यादगार गाने दिए, जो आज भी लोगों की जुबान पर हैं। गडकरी ने कहा कि आशा भोसले का योगदान सिर्फ एक दौर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनकी आवाज कई पीढ़ियों तक लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी। संगीत के क्षेत्र में उनका ‘स्वर’ हमेशा अमर रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को संबल देने की कामना की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम योगी ने भी जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।  सीएम योगी ने कहा कि आशा भोसले की अद्वितीय गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनके मधुर स्वर सदैव लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों व प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अखिलेश यादव ने भी दी श्रद्धांजलि 
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा ‘स्वर स्मृति बन गए…’ उन्होंने आशा भोसले को नमन करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

संगीत जगत को अपूरणीय क्षति-पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मधुर वाणी और अद्वितीय गायकी की प्रतिमूर्ति दीदी आशा भोसले जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी आवाज केवल सुरों का संगम नहीं, बल्कि भावनाओं का ऐसा अनकहा रिश्ता है जिसे शब्दों में बांध पाना संभव नहीं है। एक ऐसा जुड़ाव जो हर दिल में सदा जीवित रहेगा। उनके गाए गीत आने वाली पीढ़ियों तक यूं ही गूंजते रहेंगे।

यह क्षण उनके परिवार, कला जगत से जुड़े सभी लोगों और करोड़ों प्रशंसकों के लिए अत्यंत भावुक और अपूरणीय क्षति का है। मैं सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। मां सरस्वती दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।

‘वह अमर हैं, हमेशा रहेंगी’
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी गहरा दुख जताते हुए कहा कि आशा भोसले की आवाज के साथ ही उनकी पीढ़ी बड़ी हुई। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि वह केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि अमर विरासत हैं, जो हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगी। उन्होंने उनके मशहूर गीत की पंक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आवाज कभी खत्म नहीं होगी, बल्कि हमेशा लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।

आशा भोसले के निधन पर देवेंद्र फडणवीस हुए भावुक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महान गायिका आशा भोसलेके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशा ताई के जाने से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है और सुरों का एक खूबसूरत बाग आज सूना हो गया है। फडणवीस ने कहा कि पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित आशा भोसले का जाना बेहद दुखद है। लता मंगेशकर के बाद मंगेशकर परिवार का एक और चमकता सितारा हमेशा के लिए खो गया है।

उन्होंने आशा भोसले की बहुमुखी प्रतिभा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भक्ति गीतों से लेकर गजल, शास्त्रीय, लोक, पॉप और फिल्मी संगीत तक हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। 12,000 से अधिक गीतों को अपनी आवाज देने वाली आशा ताई ने 20 से अधिक भाषाओं में गाकर संगीत की दुनिया में अनोखा मुकाम हासिल किया। फडणवीस ने हाल ही में हुई एक मुलाकात का जिक्र करते हुए बताया कि एक कार्यक्रम में आशा ताई ने उनसे ‘अभी ना जाओ छोड़कर’ गाने का आग्रह किया था और मजाक में कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री से गाना गवा लिया।

सुरों की जादूगरनी को श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले एक ऐसी महान कलाकार थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक लोगों के दिलों पर राज किया। उन्होंने बंगाली गीतों के जरिए भी बंगाल में अपार लोकप्रियता हासिल की थी। वर्ष 2018 में उन्हें राज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंगविभूषण’ भी प्रदान किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here