Home छत्तीसगढ़ अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, श्रद्धा और हर्षोल्लास का माहौल

अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, श्रद्धा और हर्षोल्लास का माहौल

80
0

 

ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। नगर में अंबेडकर जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। मंगलवार को नगर के प्रमुख स्थल अंबेडकर चौक में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए उनके आदर्शों, विचारों और योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, सामाजिक समरसता और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने एक-एक कर डॉ. अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे परिसर में “जय भीम” के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंघानिया, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, अनीता वहाने, उषा वहाने, जिला मंत्री मनीष रात्रे, सुरेश सिंघानिया, बासु राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों के लिए शीतल पेय एवं खीर का वितरण भी किया गया, जिससे आयोजन में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की झलक दिखाई दी।

वहीं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर को महान शिक्षाविद, विधिवेत्ता और समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने विभिन्न धर्मग्रंथों का अध्ययन कर समाज में समरसता और एकरूपता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान किया है। श्री जोशी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी सामाजिक और जनहित के कार्यों में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री राजेश ठाकुर ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके त्याग, तपस्या और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके द्वारा निर्मित संविधान आज देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्रशेखर राजपूत द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता, शिक्षा और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं नगरवासी उपस्थित रहे। मुख्य रूप से अनुपम नागवंशी, अनीता नागवंशी, लोकेश्वरी ध्रुव, पुष्पा निर्मलकर, अर्चना नागवंशी, जितेंद्र साहू, अशोक नागवंशी, चेतन राजपूत, प्रेम कुमार दुबे सहित अनेक लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे के संदेश के साथ किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here