Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में सहकारिता का विस्तार, 38 नई सेवा सहकारी समितियों का गठन,...

बेमेतरा में सहकारिता का विस्तार, 38 नई सेवा सहकारी समितियों का गठन, 15 अप्रैल को होगा वर्चुअल शुभारंभ

35
0

 

 

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया :- जिला बेमेतरा में किसानों को सशक्त बनाने और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले के सभी किसान परिवारों तक सहकारिता की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु 38 नई सेवा सहकारी समितियों का गठन किया गया है। इन नवीन समितियों में मर्या. ओड़िया, पिपरिया, परसबोड़, भटगांव, जानो, लुक, मासुलगोंदी, नवागांव कला, कंदई, तेंदुवा, केशडबरी, हरदी, सांकरा, कुम्ही, लावातरा, भाठासोहरी, आन्दु, परपोड़ा, बसनी, गांगपुर, खैरझिटी, बिटकुली, लालपुर, जांता, बटार, पड़कीडीह, करचुवा, मजगांव, जंगलपुर, गनिया, झुलना, मेहना, कुंवा, चिचोली, एरमशाही, गनियारी, तेंदुआ एवं झिलगा शामिल हैं।

किसानों को मिलेंगी बहुआयामी सुविधाएं
इन नई सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से अब किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि यंत्र एवं ऋण की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही किसान अपनी उपज जैसे धान, चना, सोयाबीन, सरसों, मसूर आदि को पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक तरीके से समितियों के माध्यम से बेच सकेंगे। समितियों के बहुद्देशीय बनने से आम नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। लोक सेवा केंद्र के रूप में संचालित इन समितियों में बिजली बिल भुगतान, टिकट बुकिंग, मोबाइल रिचार्ज, ऑनलाइन आवेदन, बी-1, खसरा-नक्शा निकालने जैसी दैनिक जरूरतों की सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

15 अप्रैल को होगा वर्चुअल शुभारंभ
15 अप्रैल 2026 को श्री विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन एवं सहकारिता मंत्री द्वारा इन नवीन समितियों का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले की सभी 38 नई सहकारी समितियों में किया जाएगा।

खरीफ 2026-27 के लिए विशेष कार्यक्रम
इस आयोजन के दौरान खरीफ वर्ष 2026-27 हेतु किसानों को ऋण वितरण, नवीन सदस्यता ग्रहण, खाद वितरण एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी संपन्न किए जाएंगे।

किसानों से सहभागिता की अपील
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समिति अध्यक्षों, कर्मचारियों एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्षेत्र के सभी किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति में उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग लें एवं उपलब्ध सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here