ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर में सांस्कृतिक एवं फिटनेस गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अग्रवाल महिला मंडल, थानखम्हरिया द्वारा 3 दिवसीय डांस वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्कशॉप 25, 26 एवं 27 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसमें बच्चों, युवाओं एवं वयस्कों सहित सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 5 बजे से प्रारंभ होगा तथा इसका आयोजन कनक ज्वेलर्स, थानखम्हरिया परिसर में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस वर्कशॉप में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार के पूर्व अनुभव की आवश्यकता नहीं है और यह पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न नृत्य शैलियों जैसे हुला हूप, कथक एवं जुम्बा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को नृत्य के माध्यम से फिटनेस, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाने में भी सहायक सिद्ध होगा। साथ ही, एक मित्रवत एवं सहयोगात्मक वातावरण में सीखने का अवसर भी प्रदान करेगा।
यह आयोजन अग्रवाल महिला मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न किया जा रहा है।





