ब्यूरो चीफ/ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया, । देशभर में संतों एवं विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों द्वारा संचालित ‘गौ सम्मान अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को थान खमरिया में व्यापक जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रीराम सेवा सत्संग मानस समिति, मानस संघ ब्लॉक साजा, श्री रामकृष्ण गौशाला समिति सहित नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन तैयार कर तहसीलदार सरिता मढरिया एवं मोरध्वज साहू को सौंपे गए। ज्ञापन में गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने तथा गौ हत्या पर कड़े और प्रभावी कानून लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। साथ ही गोवंश संरक्षण के लिए ठोस नीतियां बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
इससे पूर्व सुबह 9 बजे राधा-कृष्ण जमात मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक वातावरण में भक्ति रस का आनंद लिया। भजन-कीर्तन के पश्चात सभी श्रद्धालु सामूहिक रूप से एकत्रित हुए और गौ माता के जयकारों के साथ जुलूस के रूप में तहसील कार्यालय के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में ‘गौ माता की जय’, ‘गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिले’ तथा ‘गौ हत्या बंद हो’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

तहसील कार्यालय पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान हजारों गौभक्तों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र भी प्रशासन को सौंपा गया, जो इस अभियान के प्रति लोगों की आस्था और समर्थन को दर्शाता है।
आयोजकों ने बताया कि ‘गौ सम्मान अभियान’ का उद्देश्य केवल मांगों को प्रस्तुत करना ही नहीं, बल्कि समाज में गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए उनके संरक्षण के लिए ठोस और कठोर कानून बनाए जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन एवं शांति व्यवस्था बनी रही, जिससे प्रशासन ने भी संतोष व्यक्त किया।




