ब्यूरो चीफ अनिल सिं्घानिया
थान खम्हरिया। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सत्र 2025-26 की दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम 29 अप्रैल को घोषित किए गए। पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, थानखम्हरिया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों कक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री मनीष चौबे के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई। कक्षा दसवीं के कक्षा शिक्षक श्री प्रसन्न जायसवाल एवं समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा दसवीं में लक्ष्य सिंह राजपूत ने 95.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। साधना शर्मा 92.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं पायल साहु 91.2 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। दसवीं कक्षा में 33 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 7 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
वहीं कक्षा बारहवीं में कक्षा शिक्षिका एवं भौतिकी व्याख्याता कुमारी अमनदीप कौर तथा समस्त शिक्षकों के सहयोग से 100 प्रतिशत परिणाम प्राप्त हुआ। बारहवीं में सोनल देवांगन ने 88.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रिया साहु 88.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं भूमिका जनार्दन 83 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। बारहवीं में 19 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 4 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।




