सांसद विजय बघेल का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत बेमेतरा जिले के प्रवास पर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन द्वारा उनका भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं एवं जयघोष के साथ सांसद का अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल निर्मित हो गया।
गौरतलब है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सांसद विजय बघेल ने पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य किया। उन्होंने जनसभाओं, बैठकों एवं घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से असम विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान डिब्रूगढ़ एवं डिगबोई विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी के रूप में प्रभावी रणनीति एवं नेतृत्व का परिचय दिया।
उनके कुशल मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक क्षमता के परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने पूर्ण बहुमत के साथ ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। इस सफलता के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं समस्त मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनता के विश्वास एवं भाजपा की नीतियों की जीत बताया।
भाजपा की पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडुचेरी विधानसभा चुनावों में मिली शानदार सफलता को लेकर बेमेतरा जिले में व्यापक उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बेमेतरा में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान सांसद विजय बघेल के साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, विधायक दीपेश साहु, ईश्वर साहु सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जोरदार आतिशबाजी, पटाखे फोड़कर एवं मिठाई वितरण कर खुशी का इजहार किया गया। पूरे जिले में हर्ष एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।




