ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। समीपस्थ ग्राम पंचायत हाड़ाहुड़ी के आश्रित ग्राम साजन में साजन नदी पर तटबंध एवं पिचिंग कार्य कराने की मांग को लेकर किसानों और ग्रामीणों ने जन समस्या निवारण शिविर ग्राम दर्री में अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने विधायक ईश्वर साहू एवं जल संसाधन विभाग के एसडीओ सुखदेव से मुलाकात कर नदी कटाव और बाढ़ से हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षाकाल में साजन नदी में बाढ़ आने से नदी का कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे नदी किनारे स्थित किसानों की भूमि प्रभावित हो रही है। साथ ही नदी किनारे बने पुराने मकानों को भी नुकसान पहुंच रहा है। नदी किनारे बना कच्चा मार्ग, जो श्मशान घाट और किसानों के खेतों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है, वर्तमान में धंसकने लगा है।
सरपंच पराग वर्मा, भाजपा नेता संजय पटेल एवं ग्रामवासियों ने बताया कि तटबंध और पिचिंग कार्य नहीं होने से हर वर्ष किसानों को नदी कटाव और बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ता है। इससे किसानों की भूमि, फसल तथा चल-अचल संपत्तियों को बड़े पैमाने पर नुकसान हो रहा है, जिससे किसान आर्थिक रूप से कमजोर होते जा रहे हैं।
भाजपा नेता संजय पटेल ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयासरत हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्यमंत्री जनदर्शन तथा विधायक ईश्वर साहू को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट तक जाने का यही एक प्रमुख मार्ग है, जो तटबंध एवं पिचिंग कार्य नहीं होने के कारण जर्जर हो गया है। ऐसे में बरसात के दिनों में आवागमन और भी अधिक जोखिमपूर्ण हो जाता है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि साजन नदी पर शीघ्र तटबंध एवं पिचिंग कार्य कराया जाए, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।




