ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित खसरा नंबर 720, पटवारी हल्का नंबर 07 की शासकीय भूमि पर लंबे समय से कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर खरीदी-बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कई बार समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से संबंधित भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शासकीय भूमि पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
नगर के समीप स्थित रावण भाटा मैदान, जहां प्रतिवर्ष रावण दहन का आयोजन किया जाता है, वहां गौठान के नाम से लगभग 2 एकड़ 45 डेसिमल भूमि सुरक्षित है। आरोप है कि उक्त भूमि पर भी भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सार्वजनिक उपयोग के साथ-साथ गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सुरक्षित भूमि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

इस संबंध में अनिल सिंघानिया, देशबंधु प्रतिनिधि एवं क्रांति रथ छत्तीसगढ़ के ब्यूरो चीफ जिला बेमेतरा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा को आवेदन सौंपकर शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने एवं खरीदी-बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा तथा कलेक्टर जिला बेमेतरा को भी प्रेषित की गई है।




