ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से आमजन परेशान हैं। कूलर, एसी और पंखों के बिना लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि किसी भी समय बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है और कुछ देर बाद अपने आप बहाल हो जाती है, जिससे उपभोक्ता समस्या की असली वजह समझ नहीं पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों में 10 से 15 बार बिजली बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। नगर का शायद ही कोई ऐसा वार्ड हो, जहां के लोग इस समस्या से प्रभावित न हों। सुबह से लेकर देर रात तक बिजली की आंख-मिचौली जारी रहती है। समाचार लिखे जाने तक भी नगर में बिजली बंद थी।

विद्युत विभाग के साहयक यंत्री साजा गुप्ता जी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि आगामी बरसात को देखते हुए मेंटेनेंस कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर पुराने एवं पतले तार होने के कारण भी समस्या उत्पन्न हो रही है। स्टाफ की कमी को भी एक बड़ा कारण बताया गया। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार व्यवस्था सुधारने का प्रयास कर रहा है।
वहीं, नगरवासियों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या पर न तो सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि गंभीर नजर आ रहे हैं और न ही विपक्ष द्वारा कोई ठोस पहल की जा रही है। उपभोक्ता केवल व्हाट्सएप ग्रुपों में अपनी परेशानी जाहिर कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
नगरवासियों का मानना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। दुकानदारों और आम नागरिकों का कहना है कि बार-बार बिजली बंद होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में कामता साहू ने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए भविष्य में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसलिए मेंटेनेंस कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों में थानखम्हरिया पहुंचकर स्वयं व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे, साथ ही नगर के सभी उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगाने हेतु निवेदन किया गया ताकि उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर लगने के बाद सभी का लोड आदि का वास्तविक गड़ना हो पायेगा ताकि आगे की सुधार के लिए नवीन रूप रेखा तैयार किया जा सकेगा ।




