Home छत्तीसगढ़ नशाखोरी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग, सर्व नागरिक मंच ने पुलिस...

नशाखोरी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग, सर्व नागरिक मंच ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन

33
0

नगर में बढ़ते नशे और अपराधों से नागरिकों में आक्रोश, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने उठी मांग

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया । नगर में लगातार बढ़ रही नशाखोरी और उससे जुड़े आपराधिक मामलों को लेकर अब नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। नगर में नशेड़ियों के बढ़ते आतंक, चोरी, लूटपाट, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाओं से परेशान सर्व नागरिक मंच ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अवैध नशे के कारोबारियों एवं नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नागरिकों का कहना है कि नगर में गांजा, शराब एवं नशीली गोलियों का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे खासकर युवा वर्ग इसकी गिरफ्त में आता जा रहा है। नशे की लत के कारण कई युवा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, जिसका खामियाजा पूरे नगर को भुगतना पड़ रहा है। आए दिन चोरी, लूटपाट, राह चलते लोगों से विवाद, मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ने से आमजन भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नशे में धुत असामाजिक तत्व रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को परेशान करते हैं। बीती रात भी दो नशेड़ी युवकों द्वारा एक वाहन चालक से रंगदारी करने का प्रयास किया गया तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद नगरवासियों में भारी रोष व्याप्त हो गया और लोगों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में नागरिकों ने उल्लेख किया कि बेमेतरा जिला के पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी रामकृष्ण साहू द्वारा जिलेभर में नशेड़ियों एवं अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है, जिससे जिले के कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं। हालांकि नगर क्षेत्र में अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और संदिग्ध स्थानों की जानकारी देने के बावजूद अवैध गांजा, शराब एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। इसके चलते अपराधी तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और नगर में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।
शुक्रवार 15 मई को सर्व नागरिक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने थाना पहुंचकर सहायक उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नगर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने तथा नशेड़ियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
सर्व नागरिक मंच ने कहा कि नशाखोरी केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं बल्कि सामाजिक चिंता का भी विषय है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो युवाओं का भविष्य प्रभावित होने के साथ-साथ नगर की शांति व्यवस्था भी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।
मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि नगर में नशे के अवैध कारोबार और अपराधों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में नागरिकों द्वारा व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here