Home छत्तीसगढ़ कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ

कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ

32
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। समीपस्थ ग्राम लोधी कांपा में 27 मई से श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 04 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

आयोजनकर्ता वर्मा परिवार द्वारा अपने पूर्वज स्वर्गीय विरसिंह वर्मा, स्वर्गीय श्रीमती कुंती वर्मा एवं स्वर्गीय श्रीमती हेमन वर्मा की पुण्य स्मृति में इस धार्मिक आयोजन का आयोजन कराया जा रहा है। कथा स्थल पर पहले दिन महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान पूरे गांव में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कथा वाचिका विद्या भारती द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस उन्होंने श्रीमद्भागवत के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि गोकर्ण के भाई धुन्धकारी अपने पापकर्मों के कारण प्रेत योनि को प्राप्त हुए थे, किंतु श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ की कथा श्रवण करने से उन्हें मुक्ति प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि जब भागवत कथा सुनने मात्र से एक प्रेत को मुक्ति मिल सकती है, तो हम सभी मनुष्य यदि श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा का श्रवण करें, तो हमारी भी मुक्ति निश्चित है।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने वाली दिव्य धारा है। कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, सदाचार एवं सकारात्मक विचारों का संचार होता है। कथा स्थल पर प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण जन्म, वामन अवतार, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष जैसे प्रसंग प्रमुख रहेंगे।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here