थानखम्हरिया। क्षेत्र के ग्राम उसलापुर में गुरुवार दोपहर एक छोटा हाथी वाहन के पलट जाने से उसमें सवार 28 मजदूर घायल हो गए। घायलों में 7 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चीजगांव एवं पलेनी के मजदूर कृषि कार्य के लिए छोटा हाथी वाहन में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम उसलापुर के पास वाहन का चक्का क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार किया।
चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 21 घायलों को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल घनश्याम साहू, कुमारी साहू, लता गोंड़, पारबती गोंड़, उत्तरा यादव, जगन निषाद एवं गजाधर गोंड़ को बेहतर उपचार हेतु रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




