Home छत्तीसगढ़ खेत बचाओ अभियान एवं “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन,...

खेत बचाओ अभियान एवं “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन, कृषि मंत्री रामविचार नेताम एवं सांसद विजय बघेल हुए शामिल

25
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा (पाटन) में “खेत बचाओ अभियान – स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान, समृद्ध भारत” विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, सभापति नीलम राजेश चंद्राकर, सरपंच रवि सिगौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं किसान शामिल हुए।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अमित दीक्षित ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना ने कहा कि विश्वविद्यालय पर्यावरण एवं भूमि संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष 600 पौधों का रोपण किया गया था, जबकि इस वर्ष 800 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया।

सांसद विजय बघेल ने किसानों के हित में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और जीव-जंतु एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है और इसका असर मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, मिट्टी परीक्षण कराने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका कृषि मंत्री एवं सांसद ने अवलोकन किया। इस अवसर पर किसानों को कृषि किट का वितरण भी किया गया। बाद में अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भूमि संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here